शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के मामले में गिरफ्तारी न होने से आहत महराजगंज के पुरंदरपुर थानाक्षेत्र की एक किशोरी मंगलवार को पेट्रोल की बोतल लेकर दीवानी न्यायालय परिसर में पहुंच गई। दोपहर करीब 11:30 बजे गेट के अंदर दाखिल होते ही उसने शरीर पर पेट्रोल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया।
विज्ञापन
पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बोतल छीन बचाई जान
हालांकि न्यायालय की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे आग लगाने से पहले ही रोक लिया और बोतल छीन ली। दोपहर के समय कोर्ट परिसर में हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। सूचना पर सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह महिला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरी को तत्काल कस्टडी में लेकर सदर कोतवाली लाया गया। सदर कोतवाल ने बताया कि किशोरी पुरंदरपुर क्षेत्र की निवासी है, इसलिए दोपहर दो बजे उसे पुरंदरपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
एक महीने पहले दर्ज कराया था शारीरिक शोषण का मुकदमा
पुरंदरपुर थाना निरीक्षक ने बताया कि किशोरी ने करीब एक माह पहले थाने में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में विवेचना चल रही है, इसलिए अभी गिरफ्तारी नहीं हुई थी। किसी के बहकावे में आकर वह पेट्रोल लेकर न्यायालय परिसर पहुंच गई थी।पुलिस ने बताया कि किशोरी को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।