महराजगंज। पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में महागठबंधन को मिले रहे जनसमर्थन से भाजपा बौखला गई है। महागठबंधन सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में भाजपा की भाषा बदल गई है। जनता से अच्छे दिनों का वादा कर किसानों, नौजवानों को छलने वाले लोग शौचालय और आवास के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उन्हें समाजवादी साथी बताएं की हम सत्ता में आए तो युवाओं को रोजगार देंगे। वह अपना घर और शौचालय खुद बना लेंगे।
सोमवार को नौतनवां में डॉ. राममनोहर लोहिया पीजी कॉलेज में महागठबंधन प्रत्याशी अखिलेश सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जनता से क्या-क्या वादा किया था, इसे याद रखने की जरूरत है। अच्छे दिनों का वादा कर जनता को पहले नोटबंदी, फिर जटिल जीएसटी देकर किसानों, व्यापारियों, युवाओं की कमर तोड़ दी है। हर साल दो करोड़ की नौकरी का वादा कर लाखों नौजवानों की नौकरियां छीनने वाले लोग अब देश में नफरत फैलाकर सत्ता पर काबिज होना चाह रहे। उन्हें नहीं मालूम पहले चरण से लेकर आखिरी चरण तक महागठबंधन मजबूती से जीत रहा है। उन्होंने गांव, गरीब, किसान, मजदूर के साथ महराजगंज के गन्ना किसानों की दुखती रगों पर हाथ रखते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने सबसे ज्यादा किसानों को छलने का काम किया है। रसोई गैस के दाम इतने बढ़ा दिए कि उनके उज्ज्वला योजना का गैस सिलिंडेर दूसरी बार रिफल नहीं हुआ। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि सीएम ने यह कैसी ठोको नीति चलाई है कि पुलिस जनता को और मौका मिलने पर जनता पुलिस को ठोक रही है। उन्होंने संतकबीरनगर के सांसद के चप्पल कांड पर भाजपा की चुटकी ली। उन्होंने कहा कि देश से बस चौकीदार ही नहीं, प्रदेश से ठोकीदार को भी हटाना है। 2014 का चाय वाला अब चौकीदार बन गया, चाय में जाने कौन से चीज मिलाई थी की लोगों पर नशा चढ़ गया था, लेकिन अब उतरने लगा है।