माघ मेले में जिले से जाएंगी 28 रोडवेज बसें
महराजगंज। इस बार महराजगंज डिपो से 28 रोडवेज की बसें माघ मेला के लिए जाएंगी। डिपो की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रयागराज भेजने के लिए बसों की मरम्मत शुरू कर दी गई है। वहीं 15 जनवरी के बाद चालक व परिचालकों को छुट्टी भी नहीं दी जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवा दी जा सके।
जिले में यात्रियों को रोडवेज की बेहतर सेवा देने के जिले में कुल 53 बसें संचालित की जाती हैं। इसमें रोडवेज की 44 और 9 अनुबंधित बसें शामिल हैं। यात्रियों को माघ मेला प्रयागराज में जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो सके। इसके लिए रोडवेज की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। बसों की मरम्मत शुरू कर दी गई है। इस बार महराजगंज डिपो से कुल 28 बसों को माघ मेले में भेजने की तैयारी की गई है। डिपो की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी के बाद डिपो के सभी चालक व परिचालकों की छूट्टी भी रद्द कर दी जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जा सके और रोडवेज की आय बढ़ाई जा सके। महराजगंज डिपो की इस व्यवस्था पर लोगों ने खुशी जाहिर की। बुद्धेश प्रजापति ने कहा कि माघ मेले में जाने के लिए समय से बस मिलेगी। साथ ही बस बदलने के जरूरत भी नहीं पडेगी। महराजगंज स्टेशन से बस में सवार होकर सीधे प्रयागराज जाने में आसानी रहेगी।
रोडबेज बस स्टेशन प्रभारी केपी नायक ने बताया कि माघ मेला के लिए 20 जनवरी से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जो 28 जनवरी तक चलता रहेगा। इसके डिपो के सभी कर्मचारियों को जरूरी जानकारी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी के बाद चालक व परिचालकों को किसी प्रकार की छूट्टी नहीं दी जाएगी। ऐसा इसलिए किया गया है कि बसों के संचालन में परेशानी न हो सके। सीधी सेवा शुरू होने से डिपो की आय भी बढ़गी।