महराजगंज। मदरसा जांच में हर रोज नये खुलासे हो रहे हैं। मंगलवार को निचलौल ब्लाॅक में न सिर्फ एक मदरसा बिना पंजीकरण के संचालित मिला, बल्कि यह मदरसा सरकारी जमीन पर बना भी पाया गया।
संचालक ने टीम से कार्रवाई न करने की गुहार लगाते हुए खुद मदरसे को ध्वस्त कराने की जिम्मेदारी ली। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल ने कहा कि 24 घंटे के भीतर मदरसा ध्वस्त कराकर रिपोर्ट करें।
डीएम के निर्देश पर मंगलवार को अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी टीम के साथ शितालापुर में संचालित मदरसा अरबिया अहले सुन्नत फैजुल उलूम बिना मान्यता के संचालित मिला। मौके पर राजस्व विभाग के लेखपाल ने बताया कि यह मदरसा सरकारी जमीन में बना है जिसके कारण निर्माण अवैध है।
मदरसा के अवैध होने का राजफाश होने पर संचालक खुद मौके पर पहुंचा और उसने स्वयं मदरसे को ध्वस्त करने की जिम्मेदारी ली। जांच अधिकारी ने 24 घंटे के भीतर ध्वस्त कराकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इसके अलावा यहां मदरसा गौसिया अहमद अहले सुन्नत बढ़या मुस्तहकम, मदरसा अशरफिया अहले सुन्नत, गरीब नवाज गोसाईंपुर व मदरसा अरबिया अहले सुन्नत फैजुल उलूम, निचलौल बिना मान्यता के मिले जिन्हें सील करा दिया गया।