सिसवा बाजार। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ऑल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मैच खेला गया। आरडीएसओ क्लब रेलवे लखनऊ और टाउन क्लब पडरौना के बीच हुए मैच में बाजी लखनऊ के खिलाड़ियों ने मारी। विजेता टीम को मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख कैप्टन मानवेन्द्र सिंह ने ट्रॉफी व नकद राशि प्रदान की।
रॉयल स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित स्व.ठाकुर शिवकुमार सिंह स्मारक आठ दिवसीय ऑल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच रोमांचक रहा। आरडीएसओ क्लब रेलवे लखनऊ और टाउन क्लब पडरौना के खिलाड़ी मध्यांतर तक गोल करने के लिए संघर्ष करते रहे लेकिन कोई भी टीम सफल नहीं सकी।
मध्यांतर के बाद शुरू खेल में लखनऊ के खिलाड़ी धर्मेंद्र निषाद ने मैच का पहला और विजयी गोल 65वें मिनट में किया। लखनऊ टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी। इसके बाद मैच में रोमांच और बढ़ गया। पडरौना के खिलाड़ियों की एक न चली। टीम के जो खिलाड़ी प्रतियोगिता में दबदबा बनाये थे वह भी लखनऊ के टीम के आगे असहज नजर आ रहे थे। मैच के आखिरी समय तक कोई गोल नहीं कर सके। लखनऊ की टीम ने इस प्रतियोगिता और खिताब पर 1-0 से अपना कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए पडरौना के विदेशी खिलाड़ी एरोन को, बेहतर गोलकीपिंग के लिए लखनऊ के पप्पू को, बेस्ट डिफेन्स के लिए लखनऊ के मुकेश सिंह को और बेस्ट स्ट्राइकर के लिये लखनऊ के ही मुरमुर को पुरस्कृत किया गया।
मैच में मुख्य निर्णायक की भूमिका जमाल अहमद और लाइनमैन अनिल यादव व मोहम्मद इलियास ने निभायी। एसओ कोठीभार विक्रम सिंह,चौकी प्रभारी सतीश सिंह ,हाजी इम्तियाज अहमद, चेयरमैन अशोक जायसवाल, ईओ.एजाज अहमद, पंकज तिवारी, हनुमान जायसवाल, रमेश जायसवाल सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।