एलपीजी से भरा टैंकर पलटा
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्ष्मीपुर। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के पैसिया ललाइन चौराहे के पास सड़क पर अचानक एलपीजी गैस से भरा ट्रैंकर पलट गया। हादसा ट्रांसफार्मर के पास होने के कारण पुलिस ने लोगों को सतर्क किया। क्षेत्र की पावर सप्लाई भी चार घंटे के लिए ठप रही। वहां सुरक्षा को देखते हुए लक्ष्मीपुर चौकी पुलिस की तैनाती के बाद कंपनी को सूचित कर दिया।
चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर आरएस चौधरी ने बताया कि राजस्थान से एलपीजी गैस का एक टैंकर लेकर चालक मान सिंह नेपाल जा रहा था। टैंकर जैसे ही नेपाल बार्डर से 30 किलोमीटर पहले पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के पैसिया ललाइन चौराहा के पास पहुंचा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर एक 63 केवीए ट्रांसफार्मर के पास पलट गया। चालक को काफी मशक्कत के बाद गाड़ी से निकाल कर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद चालक को छुट्टी दे दी गई। पुलिस गैस से भरे टैंकर को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए जद्दोजहद करती रही। वहीं थानाध्यक्ष पुरंदरपुर आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि गैस कम्पनी के अधिकारियों से वार्ता चल रही है। जल्द ही गैस वाहन को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।