सिसवा बाजार। घुघली थाना क्षेत्र के शिकारपुर सिंदूरिया मार्ग पर ग्राम बल्लोखास में हुई रोडवेज बस व बाइक की टक्कर में तीसरे युवक की भी गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। दो दोस्तों की घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
मंगलवार को कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम बड़हरा निवासी तीन दोस्त राहुल, इजराइल व दीपक एक बाइक से शिकारपुर जा रहे थे जैसे ही वो बल्लोखास दुर्गा मंदिर के समीप पहुंचे तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से जबरदस्त टक्कर हो गई। इसमें राहुल और इजराइल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और तीसरा युवक दीपक गंभीर रुप से घायल हो गया था।
साथ खेले, पढ़े और फिर कर रहे थे काम
सिसवा बाजार के कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम बड़हरा महंथ निवासी राहुल, इजराइल और दीपक बचपन के दोस्त थे। वो साथ खेले, पढ़े और कमाने के लिए एक साथ बंगलुरु भी गए थे। राहुल, इजराइल, दीपक तीनों बचपन के दोस्त थे। गांव में कक्षा आठ तक पढ़ाई के करने के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए तीनों कोई काम सीखने के लिए सोचने लगे। इसके बाद तीनों काम सीखकर बंगलुरु चले गए। वहां एक कमरे रहकर दीपक बेल्डिंग, इजराइल फर्नीचर और राहुल पेंटिंग का काम करने में लग गए।
25 दिन पूर्व राहुल के बहन की शादी में शामिल होने तीनों घर आने वाले थे, पर दीपक को छुट्टी नहीं मिलने से वो घर नहीं आ सका। राहुल, इजराइल घर आ गए। दीपक घटना के एक दिन पहले सोमवार को घर पहुंचा तो तीनों दोस्त एक बाइक से शिकारपुर के लिए निकले और रास्ते में हृदय विदारक घटना हो गई।