लक्ष्मीपुर। पुरन्दरपुर के ग्राम पंचायत रिसलपुर भोतहा में मंगलवार दोपहर तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के बाहर बकरी चराने गए पांच लोग तेंदुए के हमले का शिकार हो गए थे। सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद से वन विभाग पूरी तरह अलर्ट है। वनकर्मियों की टीमें दिन-रात गांव और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे जंगल या सुनसान इलाकों की ओर बिल्कुल न जाएं। हमले में घायल हुए लोगों को तत्काल सीएचसी लक्ष्मीपुर ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। भयभीत ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि आए दिन जंगली जानवरों की मौजूदगी से जान-माल को खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है।
प्रभारी रेंजर मोहन सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम पूरी सतर्कता के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है। रात में भी गश्त जारी है। तेंदुए का अभी कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है, हमारी टीम लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।