लक्ष्मीपुर। लक्ष्मीपुर वन रेंज के अंतर्गत वनग्राम अचलगढ़ में सोमवार को एक किशोरी को तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, अंजली (15) पुत्री रामनिवास सोमवार दोपहर अपने घर से जंगल की तरफ मवेशियों के लिए चारा काटने गई थी। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से किशोरी को हल्की चोटें आईं। शोर-शराबा होने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल किशोरी को तत्काल लक्ष्मीपुर सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद रेफर कर दिया। सीएचसी लक्ष्मीपुर के चिकित्सक डॉ. अरुण गुप्ता ने बताया कि किशोरी को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उसे घर भेज दिया गया।
घटना के बाद वनग्राम अचलगढ़ सहित आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने तथा लोगों को सतर्क करने की मांग की है।
इस संबंध में लक्ष्मीपुर रेंज के रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना की कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसी कोई सूचना मिलती है तो वन विभाग की टीम मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।