तेंदुए ने बकरी को बनाया शिकार
नौतनवां। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग उत्तरी चौक रेंज के टेढ़ी घाट बीट के जंगल से सटे गांव सेमरहवा में शनिवार रात दूसरे दिन भी तेंदुए ने एक बकरी का शिकार कर लिया।
तेंदुए को आने से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे गांव सेमरहवा चारों तरफ से जंगल और नदी से घिरा हुआ है। यहां सेमरहवा खास, बरतानी, चरैया, भठवा कुल पांच टोले हैं। शुक्रवार रात तेंदुए ने भठवा टोले पर उमाशंकर के बछड़े का घर में घुसकर शिकार किया था। वहीं दूसरे दिन शनिवार रात सेमरहवा में हैदर अली के घर में घुस कर बकरी पर हमला कर दिया।
लगातार दूसरी रात गांव में तेंदुए के शिकार करने से सेमरहवा गांव में दहशत का माहौल है। उत्तरी चौक रेंजर मोहन कुमार सिंह ने बताया कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। वन कर्मी गश्त कर रहे हैं।