नौतनवा। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के मधवलिया रेंज के गनेशपुर बीट के जंगल के किनारे बसे गांव सगरहवा में सोमवार की देर शाम भैंस चराने गए एक अधेड़ व्यक्ति को तेंदुआ ने हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, सगरहवा गांव निवासी राधेश्याम 55 वर्ष जंगल के किनारे भैंस चराने गए थे। उनके साथ में पालतू कुत्ता भी गया। कुत्ता जंगल की तरफ गया तो झाड़ी में छुपा तेंदुआ कुत्ते पर झपटा लेकिन कुत्ता भागकर राधेश्याम के पास आ गया तब तक तेंदुआ राधेश्याम पर हमला कर उनके पैर और पीठ पर पंजा मार दिया, जिससे वह घायल हो गए।
आसपास मौजूद चरवाहों ने शोर मचाया तो तेंदुआ जंगल में चला गया। जानकारी मिलते ही गांव के लोग जुट गए और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में भर्ती कराया जहां इलाज हो रहा है। जहां उनकी हालत ठीक है। वन दारोगा राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।