मधवलिया वन रेंज क्षेत्र के बसौली वीट के जंगल से निकल तेंदुआ सोमवार रात चंदन नदी से सटे बकुलडीहा गांव में पहुंचा। तेंदुआ एक कुत्ते पर हमला बोल दिया, लेकिन लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ घायल कुत्ते को मौके पर छोड़ जंगल की ओर लौट गया।
ग्रामीण कल्लू, सीताराम, लोरिक, शंभु, संतराज आदि ने कहा कि सोमवार घने कोहरे और कड़ाके की ठंड में सुनसान देख तेंदुआ आबादी के निकट पहुंचा, जिसे देख कुत्ते शोर मचाने लगे। कुत्तों की आवाज सुन अभी ग्रामीण जुटते तभी तेदुएं ने एक कुत्ते पर हमला बोल दिया।
ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ घायल कुत्ते को मौके पर छोड़ जंगल की ओर चला गया। लोगों ने बताया कि दो दिनों से भोजन की तलाश में तेंदुआ जंगल से निकल आबादी के निकट आ रहा है।
आबादी के ओर लगातार तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में दहशत है। रेंजर सुनील राव ने कहा कि घने कोहरे के कारण जंगली जानवर आबादी में जा जाते हैं। ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। जंगली जानवरों के साथ छेड़छाड़ न करें।