लक्ष्मीपुर के गंगापुर में दरवाजे पर बैठकर आग ताप रही बालिका पर तेन्दुआ ने हमला बोल दिया। घायल बालिका को लेकर तेन्दुआ जंगल की तरफ जाने लगा। शोर सुनकर गांव वालों ने उसे दौड़ा लिया। जिससे करीब सौ मीटर की दूरी छोड़कर तेन्दुआ भाग लिया। जख्मी बच्ची को सीएचसी लक्ष्मीपुर लाया गया। डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
पुरन्दरपुर थाना के ग्राम पंचायत टेढ़ी के गंगापुर निवासी गया यादव की 11 वर्षीय पुत्री सुमन शुक्रवार की रात करीब सवा आठ बजे अपने दरवाजे पर बैठकर अकेले आग सेंक रही थी। तभी तेन्दुआ उस पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर परिवार वाले कुछ समझ पाते तब तक तेन्दुआ उसे लेकर जंगल की तरफ जाने लगा। देखते ही देखते तमाम गांव वाले एकत्र होकर उसे दौड़ा लिए।
जिससे करीब सौ मीटर की दूरी पर बच्ची को छोड़कर तेन्दुआ भाग निकला। लोग आनन-फानन में जख्मी बालिका को सीएचसी लक्ष्मीपुर इलाज के लिए ले गए। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया