मधवलिया रेंज में बनेगा लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर।संवाद
- फोटो : अमर उजाला।
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं और बिहार राज्य से लगने वाले महराजगंज जनपद में पर्यटन की संभावनाओं को लगातार गति देने में जुटे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जिले के पर्यटन विकास से जुड़ी एक और बड़ी परियोजना की सौगात दी है। जिले में लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का शिलान्यास हुआ है। यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
महराजगंज जिले में तेंदुए को बेहतर ढंग से रखे जाने और उन्हें उचित इलाज मुहैया कराए जाने को लेकर मधवलिया में लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर बनाने की स्वीकृति पिछले वर्ष ही मिल गई थी। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सेंट्रल जू अथॉरिटी) ने इसके निर्माण को हरी झंडी प्रदान कर दी थी। इसका रविवार को सीएम ने शिलान्यास करते हुए शीघ्र काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग के जंगल पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के अंतरराष्ट्रीय चितवन नेशनल पार्क और बिहार के वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व के जंगलों से जुड़े हैं। वन संपदा व वन्यजीव दोनों ही रूप से यह प्रभाग काफी विकसित है। प्रभाग में उपलब्ध भूमि को दृष्टिगत रखते हुए वन विभाग के जिम्मेदारों ने लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई थी।
इसे भी पढ़ें: तीन माह पहले लापता था युवक, अब नहर में मिला शव
जिम्मेदारों ने सेंटर के लिए मधवलिया गोसदन में लगभग दस हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने की सहमति प्रदान करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी कराते हुए उच्चाधिकारियों ने इसे मंजूरी के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को भेजा था।
इस पर प्राधिकरण ने मुहर लगाते हुए स्वीकृति प्रदान कर दी थी। सेंटर के निर्माण को लेकर कागजी बाधा तो खत्म हो गई थी, लेकिन बजट मिलने का इंतजार था। सीएम ने लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का शिलान्यास कर जिले में ईको टूरिज्म की रफ्तार को बढ़ा दी है।