बैठवलिया गांव में लगा ओभरहेड टैंक।
निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के गांव बैठवलिया में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करीब 15 साल पहले 1.61 करोड़ की रकम से ओवरहेड टैंक बनाकर पाइपलाइन बिछाई गई थी। जो पिछले करीब डेढ़ साल से लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटने और लीकेज होने से सड़कों पर जलभराव होने के साथ ही दूषित पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने लगा है।
लोगों का कहना है कि पाइपलाइन का पानी नालियों और सड़कों की गंदगी के संपर्क में आकर दूषित होकर घर में पहुंच रहा है। ग्रामीण प्रभाकर जायसवाल, मुन्ना, आजाद, महाराणा, धीरेंद्र, अनिल, सुनील, राजेश आदि ने बताया कि गांव की आबादी करीब 4000 है। एक अनुमान के मुताबिक आबादी के अधिकांश घरों में ओवरहेड टैंक से पाइप लाइन के जरिए घरों में पानी पहुंच रहा है। पाइपलाइन से लगातार बह रहा पानी से सड़क पर कीचड़ की स्थिति पैदा कर दे रहा है। इससे न सिर्फ आम नागरिकों को बल्कि स्कूल आने जाने वाले बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि टूटी पाइपलाइन की शिकायत ग्राम पंचायत के अधिकारी से लेकर संबंधित विभाग के जिम्मेदारों से कई बार की जा चुकी है। लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। ग्रामीणों की मांग है कि टूटी पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव से निजात दिलाई जाए और बच्चों व आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान किया जाए।
अधिशासी अभियंता जल निगम आतिक हुसैन ने कहा कि मामले की जानकारी है। पाइप में जहां लीकेज है, वहां पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। गांव में पानी की सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। लोगों को जो भी समस्या होती है उसका तत्काल समाधान किया जाता है।
मनमानी से बदहाल हो चुकी है बुनियादी सुविधाएं
ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारों की मनमानी के चलते गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। गांव में कई गलियों में न तो पक्की नाली है, न ही अच्छी सड़क। इतना ही नहीं सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। ऊपर से जगह जगह टूटी पड़ी पेयजल पाइपलाइन ने हालात को और भी बदतर बना दिया है। क्योंकि टूटी पाइपलाइन से बह रहा पानी गंदगी के संपर्क में आकर घरों तक पहुंच रहा है, जिससे दूषित पानी पीने की मजबूरी बन गई है।