ठूठीबारी। तस्करी को लेकर एक बार लक्ष्मीपुर खुर्द चर्चा का विषय बना हुआ है। नेपाल सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द से खाद तस्करी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी में हड़कंप मच गया है।
मंगलवार की रात जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो वायरल लोकेशन पर पुलिस पहुंचकर जांच-पड़ताल करने लगी। सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मीपुर खूर्द पूरब टोला बार्डर पर जाने वाली सड़क पर दर्जनों बाइक खड़ी है। प्रत्येक बाइक पर तीन से चार बोरी खाद तिरपाल से ढक लदा हुआ है। मौके पर मौजूद दर्जनों की संख्या में तस्कर बार्डर पार करने के लिए लाइन क्लियर होने का इंतजार कर रहे हैं। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
क्षेत्र के रामकिशोर, बजरंगी, सुभाष चन्द्र, धर्मेंद्र, अनिल कुमार, सुरेश, घनश्याम, सुनील कुमार, लालाजी यादव, सुरेश चौधरी आदि किसानों ने बताया कि दुकानदारों से सांठ-गांठ कर तस्कर खाद को सरहद पार कर रहे हैं। ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि खाद तस्करी का वायरल वीडियो की जांच-पड़ताल की जा रही है।