रेवेन्यू बार एसोसिएशन नौतनवां व कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन महराजगंज ने भी दिया समर्थन
फरेंदा। एसडीएम पर मनमानी का आरोप लगाते हुए वकीलों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन चौथे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। इस प्रदर्शन को रेवेन्यू बार नौतनवां व कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन महराजगंज ने भी अपना समर्थन दिया है।
आंदोलन के चौथे दिन अधिवक्ताओं ने न्यायालयों के बहिष्कार के साथ ही उपनिबंधक कार्यालय में बैनामा दस्तावेज का पंजीकरण भी ठप करा दिया। वहीं स्टांप वेंडर द्वारा स्टांप की बिक्री भी नहीं होने से लोग परेशान रहे। आंदोलन का दस्तावेज लेखकों व स्टांप वेंडरों ने भी समर्थन किया है। अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने अनिश्चित कालीन धरना जारी रखा। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जितेंद्र सैनी व मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि हमारा आंदोलन उपजिलाधिकारी फरेंदा के स्थानांतरण तक शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। जिम्मेदारों के द्वारा मनमानी व विधिक प्रक्रिया के विरुद्ध जाकर मुकदमों में आदेश पारित किया जा रहा है, जिससे अधिवक्ताओं व वादकारियों में आक्रोश व्याप्त है।
आंदोलन को सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन फरेंदा के साथ ही आज रेवेन्यू बार एसोसिएशन नौतनवां व कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन महराजगंज ने भी समर्थन देते हुए अपने न्यायालयों में कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष सेराज अहमद खां, परमात्मा सिंह, परमात्मा त्रिपाठी, ओमप्रकाश शुक्ला, जगदंबा यादव, सरोज मिश्र, राघवेंद्र उपाध्याय, अष्टभुजा वर्मा, संजय यादव, रत्नेश उपाध्याय, रविन्द्र पासवान, स्वामीनाथ, सच्चिदानंद जायसवाल, हिमांशु त्रिपाठी, अशफाक अहमद सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।