स्कूल प्रधानाचार्य की यूजर आईडी से अपलोड प्रपत्रों में कराया जा सकता है सुधार
नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि आदि में कराया जा सकता है संशोधन
महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शामिल 70,707 विद्यार्थियों को प्रपत्र सुधारने का एक और मौका दिया है। छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण की गड़बड़ी में परिषद ने 29 दिसंबर की रात 11:59 बजे तक सुधार किया जा सकता है। इस दौरान बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट खुली रहेगी। स्कूल प्रधानाचार्य की यूजर आईडी से अपलोड प्रपत्रों में सुधार कराया जा सकता है।
यूपी बोर्ड की वेबसाइट 29 दिसंबर तक खुली रहेगी। प्रधानाचार्य लॉगिन से 10वीं-12वीं के परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरण जैसे विषय वर्ग, छात्र के नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक को संशोधित किया जा सकता है। जिले में कुल 278 माध्यमिक स्कूल संचालित हैं। इसमें 29 राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। जुलाई 2025 से ही नौवीं, 11वीं का पंजीकरण और 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा के फाॅर्म भरे गए। अगस्त और सितंबर में दो बार फाॅर्म भरने की तिथि बढ़ाई गई। करीब-करीब सभी विद्यार्थियों ने फाॅर्म भर लिए हैं। अक्तूबर और नवंबर में बोर्ड ने फाॅर्म में संशोधन के लिए परिषद की वेबसाइट को खोला था, हालांकि काफी संख्या में विद्यार्थी संशोधन नहीं कर सके। अब परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो रहा है। फरवरी में होने वाली परीक्षा से पहले परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक विवरण में संशोधन करने का अंतिम मौका दिया है।
वर्जन
यूपी बोर्ड ने बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों को प्रपत्र संशोधन का आखिरी मौका 29 दिसंबर तक देते हुए आधिकारिक वेबसाइट खोल दी है। इस समय सीमा के भीतर स्कूल प्रधानाचार्य की आईडी से संशोधन कराया जा सकता है।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस