महराजगंज। आनंदनगर से महराजगंज घुघली तक नई रेलवे लाइन निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस परियोजना के तहत 9 गांवों की भूमि अधिग्रहण के लिए गजट जारी कर दिया गया है। भूमि अध्याप्ति विभाग ने प्रभावित गांवों के किसानों से उनकी भूमि अधिग्रहण से जुड़े कागजात जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभाग की ओर से इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि रेलवे परियोजना का निर्माण जल्द शुरू हो सके। इस रेलवे लाइन परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। महराजगंज और घुघली के बीच सीधा रेल संपर्क होने से व्यापार, कृषि और परिवहन को मजबूती मिलेगी।स्थानीय किसान और व्यापारी इस नई रेलवे लाइन से लाभान्वित होंगे, क्योंकि इससे माल ढुलाई में आसानी होगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
भूमि अध्याप्ति अधिकारी नंद प्रकाश मौर्य ने बताया कि जिले में नई रेलवे लाइन परियोजना के लिए जिन 9 गांवों की भूमि अधिग्रहण की जाएगी। उनमें जंगल दुधई चचेरी, कांध, पकड़ी नौनिया, पिपरा रसूलपुर और रामनगर समेत अन्य गांव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी भूमि के उचित मुआवजे और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत भूमि अध्याप्ति विभाग की ओर से प्रभावित किसानों से उनकी सहमति और जरूरी दस्तावेज प्राप्त कर रहा है। हालांकि, एक गांव से आपत्ति दर्ज की गई है, जिसका निस्तारण तीन फरवरी को किया जाएगा। संवाद