खून के अभाव में ‘दुबला’ हो रहा ब्लड बैंक
महराजगंज। आपके मरीज को खून की जरूरत है तो ब्लड बैंक के भरोसे न रहें। इसका कारण है कि इन दिनों जिला अस्पताल का ब्लड बैंक खुद ही खून की कमी से जूझ रहा है। खून के कई ग्रुप तो ऐसे हैं, जिनका एक यूनिट भी ब्लड बैंक में उपलब्ध नहीं है। कुछ ऐसे हैं जिनकी उपलब्धता बहुत कम है। ऐसे में समझ जाइए कि इमरजेंसी में मरीजों की जान सांसत में है।
जिले का एक मात्र ब्लड बैंक जिला अस्पताल में है। इसकी क्षमता 450 यूनिट की है जबकि मौजूदा समय में केवल 27 यूनिट ब्लड ही उपलब्ध है। जिला अस्पताल के अलावा अन्य अस्पतालों के मरीजों की भी जरूरत पड़ने पर यहां से ही खून की सप्लाई जाती है। लेकिन इस समय जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की हालत काफी दयनीय है।
जिला अस्पताल के अनुसार ब्लड बैंक में बी निगेटिव व एबी निगेटिव ग्रुप का खून नहीं है। इस समय ब्लड बैंक में ए पॉजिटिव 8, बी पॉजिटिव के 6, ओ पॉजिटीव के 7, एबी पॉजिटीव के 3 यूनिट ही ब्लड बचे हैं। वहीं, ए निगेटिव 2, ओ निगेटिव के एक यूनिट की उपलब्धता है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरबी राम ने बताया कि बी निगेटिव व एबी निगेटिव ग्रुप का ब्लड नहीं है। यदि किसी को इन ग्रुपों के ब्लड की जरूरत पड़ती है तो वालंटियरों को बुलाकर व्यवस्था कराई जाती है। कई संस्थाएं शिविर लगाने के लिए संपर्क में हैं।