खुशहालनगर। घुघली कप्तानगंज मार्ग के चैनपुर गांव में कार की टक्कर से युवा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक का ढाला बंद करने के दौरान पीछे से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। आनन-फानन में उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के घुघली के पौहरिया कोइरी टोला निवासी मुकेश साहनी (30) चैनपुर में ट्रक से सीमेंट उतारने के बाद उसका ढाला बंद कर रहा था कि घुघली की तरफ से आ रही एक कार ने पीछे से उसे टक्कर मार दिया। आसपास के लोगों ने उसे एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया। चिकित्सक ने स्थिति गंभीर होने की वजह से प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ने भी उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि वहीं अस्पताल परिसर में ही उसकी मौत हो गई। घुघली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी अशोक कुमार गिरी ने कहा कि शव को जांच के लिए भेज दिया गया है।