संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के तीन केंद्रों पर सोमवार को नौ बुजुर्गों को कोरोना रोधी टीका लगा। शुरूआत में नेटवर्क की समस्या के कारण पंजीकरण में समस्या आई। महिला अस्पताल में बने केंद्र पर नौ लोगों को टीका लगा। दोनों निजी अस्पतालों में टीका लगवाने कोई नहीं पहुंचा।
महिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर सबसे पहले मुक्ता सिंह ने पंजीकरण कराने के बाद कोरोनारोधी टीका लगवाया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए टीका काफी लाभकारी होगा। यहां सुबह नौ बजे केंद्र पर तीन बुजुर्ग पहुंचे। तकनीकी समस्या के वजह से पंजीकरण में दिक्कत हुई। ब्रजेन्द्र राय निवासी शास्त्री नगर ने टीका लगवाने के बाद कहा कि कोरोना रोधी टीका सभी बुजुर्गों के लिए जरूरी है। इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक रहना चाहिए। पिपरा रसूलपुर के रामनिवास, गीता राय, वासूमति, रामकेश, अजय कुमार, विनय कुमार आदि को टीका लगा। केंद्र पर टीका लगाने के बाद आधे घंटे की निगरानी में रखने के बाद सभी को छोड़ा गया।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि टीकाकरण केंद्र पर निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया गया। पहले दिन नौ बुजुर्ग आए जिनका पूरी सतर्कता के साथ टीकाकरण हुआ। प्राइवेट अस्पताल में पेड टीकाकरण की शुरूआत अभी नहीं हो सकी है। महिला अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र पर नि:शुल्क टीका लगाने की व्यवस्था है।
---------------
14वें दिन भी नहीं मिला कोई संक्रमित
महराजगंज। जिले में सोमवार को 1086 सैंपल की जांच में कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। राहत की बात है कि जिले में बीते 14 दिन से कोई पॉजिटिव केस नहीं मिल रहा है। अब तक यहां 5811 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें से 5720 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 91 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। जिले में सक्रिय केस कोई नहीं है। यह जानकारी सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने दी। उन्होंने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए सजग रहने की जरूरत है। संवाद