2.92 करोड़ से केवलापुर-झुंगवा मार्ग का होगा निर्माण
महराजगंज। लोक निर्माण विभाग ने आमजन के आवागमन को सुगम बनाने के लिए केवलापुर-झुंगवा मार्ग का निर्माण कराने का प्रस्ताव भेजा है। 2.92 करोड़ की लागत से विभाग 2.90 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराएगा।
केवलापुर खुर्द से परासखाड़ होते हुए झुंगवा जाने वाली सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए जनहित संघर्ष समिति बागापार के पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने विरोध जताया था। इसका संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने सड़क निर्माण के लिए 292.76 लाख का आगणन तैयार कराया है। तैयार किए गए आगणन को लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को भेजा गया है। धनराशि के मिल जाने के बाद न सिर्फ सड़क का निर्माण होगा बल्कि राहगीरों की मुश्किलें भी दूर हो जाएंगी। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि केवलापुर- झुंगवा मार्ग के निर्माण संबंधी प्रस्ताव भेजा गया है। धनराशि जारी होने के बाद निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।
क्षतिग्रस्त सड़क से आवागमन में दुश्वारियां
गांगी बाजार(महराजगंज)। सरकार जहां गांव के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा देने के लिए गांव की सड़कों को बेहतर बनाने का दावा कर रही हैं, वहीं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत नहीं होने से आवागमन में समस्या हो रही है। क्षतिग्रस्त सड़कों पर संभल कर न चला जाय तो दुर्घटना होना तय है।
पनियरा क्षेत्र के पनियरा खुटहा मार्ग, मुजुरी नहर चौराहा मौलागंज मार्ग, बैदा सोनबरसा मार्ग, मुजुरी सोनबरसा मार्ग, बड़हरा लाला सुचितपुर मार्ग, देवीपुर अक्टहवा मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। टूटी सड़कों पर चलना मुसीबत से निपटने से कम नहीं है। खराब सड़क के चलते आए दिन राहगीर गिरकर घायल होते हैं। विभागीय अधिकारी इस सड़क को ठीक कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं। क्षेत्र के राजेश्वर मद्धेशिया, रामचंद्र यादव, रमेश यादव, अनिल निषाद, अमरजीत निषाद, दिनेश त्रिपाठी, सतीश चौहान, अनिल सहानी, डॉ. अशोक सैनी, मनोज सहानी, हरिकेश यादव, गुड्डू सहानी, मोतीलाल यादव आदि ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग को लेकर डीएम को पत्र भेजा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि इन सड़कों का स्टीमेट तैयार कराकर जल्द मरम्मत कराने का प्रयास किया जाएगा।