नगर के कलेक्ट्रेट मोड़ के पास बिना हैलमेट के पैर से बाइक को धक्का देकर ले जाता युवक।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
महराजगंज जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात के नियमों का पालन करने के प्रति जनपद के लोग अधिक गंभीर नहीं दिखते हैं। यही वजह है कि हर माह लोग नियमों को तोड़ते रहे और जुर्माना भरते रहे। जनवरी से अगस्त माह तक नियमों को तोड़ने पर लोगों ने 33 लाख 90 हजार रुपये जुर्माना भरा है। सबसे ज्यादा वाहनों के चालान (7,210) जून में माह हुए हैं।
सड़क पर वाहन चलाने के दौरान मोबाइल पर बात करना आम बात होती जा रही है, जबकि इस वजह से अधिक दुर्घटना होती है। यातायात पुलिस ने सख्ती की तो मोबाइल पर बात करने की वजह से आठ माह में 230 वाहन चालकों का चालान हुआ। हेलमेट पहनने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाता है, लेकिन इसके प्रति भी खास गंभीरता नहीं दिखती है। जबकि हेलमेट पहने से जीवन भी सुरक्षित रहता है।
जनवरी से अगस्त माह तक 15,770 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर किया गया है। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 6408 वाहनों का चालान किया गया। 1792 लोगों का चालान सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण किया गया है। यातायात पुलिस की कार्रवाई हर माह तेज हुई, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों की संख्या कभी कम तो कभी अधिक दर्ज की गई।
नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालकों का चालन किया जाता है। लोगों को हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के लिए हमेशा जागरूक किया जाता है। यातायात पुलिस नियम का पालन कराने में सख्ती बरतने के साथ ही लोगों को समय समय पर जागरूक करती है।
- हरि सिंह यादव, यातायात निरीक्षक