फरेंदा। गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह करीब 5 बजे यात्रियों से भरी काशी डिपो की बस डिवाइडर से टकराकर उस पर चढ़ गई, जिससे छह यात्री घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
काशी डिपो की बस सोनौली से गोरखपुर की तरफ जा रही थी। बस में 28 यात्री सवार थे। फरेंदा थाना क्षेत्र के निराला नगर पेट्रोल पंप के समीप बस पहुंची थी कि चालक बस से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क के बीच में बने डिवाइडर से टकराकर उस पर चढ़ गई। बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायलों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से निकाला।
बस में सवार यात्री धनंजय निवासी फरेंदा सर्वजीत थाना पुरंदरपुर, रामराज निवासी अगया पुरंदरपुर, संजय गुप्ता निवासी वार्ड नं० 8 पिपराइच व किसमती निवासी शाहपुर जंगल थाना पुरंदरपुर को चोटे आयी। इनको पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजा गया। जहां से धनंजय व संजय गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक के अनुसार, घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बनकटी भेजा गया। संवाद