एसपी के आश्वासन के बाद पत्रकारों का सांकेतिक धरना खत्म
महराजगंज। एलआईयू इंस्पेक्टर के कथित अमर्यादित व्यवहार पर भड़के जिले भर के पत्रकारों ने मंगलवार को जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के बैनर तले एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मंगलवार को एसपी कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर ही रहे थे। इसी दौरान एसपी कार्यालय परिसर में मौजूद एलआईयू इंस्पेक्टर के अमर्यादित व्यवहार से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे और पत्रकारों से वार्ता कर उनकी आपत्तियों को गंभीरता से सुना।
इस दौरान जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य कर रहे पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। अपर पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पत्रकारों ने अपना सांकेतिक धरना समाप्त किया।