भिटौली थाने की पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जौनपुर जिले का रहने वाला एक युवक विदेश भेजे जाने के नाम पर जालसाजी का शिकार हो गया है। जालसाज ने पीड़ित युवक को दुबई में चालक की नौकरी दिलाने की झांसा देकर फर्जी वीजा और टिकट थमा दिया। बदले में जालसाज पीड़ित युवक से एक लाख से ज्यादा रकम लेकर फरार हो गया है। पीड़ित युवक अब रकम पाने के लिए खाक छान रहा है। वहीं मामले में भिटौली थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
जाैनपुर जिले के थाना शिकरारा अंतर्गत गांव सुताशापुर निवासी रवि प्रकाश सोनी ने पुलिस से बताया है कि महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगदही निवासी मोहम्मद रजा शाह विदेश भेजने के नाम पर उन्हें झांसा में ले लिया। फिर विदेश में चालक के पद पर नौकरी के लिए उनसे 1,11,500 रुपये ले लिया। उसके बाद जालसाजी कर मेडिकल भी करवा दिया।
इतना ही नहीं कागजों को सही कराने और इधर-उधर दौड़ने में करीब 40000 रुपये भी खर्च करवा दिया। उसके बाद उन्हें फर्जी वीजा और फर्जी टिकट थमा दिया। उनका पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया है। अब रकम और पासपोर्ट पाने के लिए करीब 15 महीनों से खाक छान रहा इूं। रुपये वापस मांगने पर धमकी दी जा रही है।
भिटौली थाना प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह ने कहा कि मामले में पीड़ित युवक रवि प्रकाश सोनी के तहरीर पर आरोपी मोहम्मद रजा शाह के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर जांच पड़ताल की जा रही है।