जनता समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करके नेपाल के प्रधानमंत्री को कोसा
महराजगंज। भारतीय सीमा से सटे नेपाल के रूपनदेही जिले के धकधई में जनता समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नेपाल में संसद सभा को भंग कर समय पूर्व चुनाव कराने के निर्णय की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री केपी ओली का पुतला फूंका।
सोमवार की शाम जनता समाजवादी पार्टी नेपाल रूपनदेही जिले के वरिष्ठ नेता देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रोहिणी तीन धकधई में जुलूस निकाल कर प्रधानमंत्री केपी ओली का पुतला फूंका। इन कार्यकर्ताओं ने नेपाली प्रधानमंत्री के विरोध में नारे लगाए।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र पांडेय ने कहा कि कोरोना काल में जनता वैसे ही परेशान है। अब समय पूर्व चुनाव प्रधानमंत्री की सोची-समझी चाल है। उन्होंने कहा कि असंवैधानिक तरीके के संसद को भंग किया गया, जो नेपाल की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। प्रधानमंत्री को कुर्सी के मोह ने पंगु बना दिया है। इस मौके पर इस्लाम खान, महेंद्र यादव, सुग्रीम, प्रवीण गुप्ता, सुदर्शन कुमार, संजय यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।