इंडो-नेपाल सीमा पर देर रात छापामार कार्रवाई से मचा हड़कंप, खनन माफियाओं में अफरा-तफरी
मिठौरा। इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर ट्रॉली व लोडर को जब्त कर लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया। जब्त वाहनों को निचलौल थाने में सुपुर्द कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल को शनिवार देर रात निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम रेगहिया में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उन्होंने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। प्रशासनिक टीम को अचानक मौके पर देख खनन कार्य में जुटे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए।
छापेमारी के दौरान टीम ने खनन कार्य को तत्काल बंद कराया। जांच के दौरान जब खनन कार्य से संबंधित अनुमति पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो वहां मौजूद लोग कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर ट्रॉली तथा लोडर को कब्जे में ले लिया।
नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा जब्त वाहनों को निचलौल थाने में सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।