महराजगंज। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को लेकर प्रत्याशियों/अभ्यर्थियों की बैंक स्तर पर की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैंकर्स को प्रत्याशियों/अभ्यर्थियों द्वारा नया बैंक खाता खोलने के लिए प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल चैकबुक उपलब्ध कराने के निर्देश गया। उन्होंने कहा कि बैंक कैश वैन में नकदी के स्थानांतरण के दौरान क्यूआर कोड आधारित पावती को जारी करने का निर्देश दिया। वैन में तैनात कर्मचारियों का पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैंक सुषुप्त खातों की सूचित उपलब्ध कराएं। इन खातों पर नजर रखें और चुनाव के दौरान इनमे होने वाले लेनदेन की कड़ी निगरानी करें। जिलाधिकारी ने एक लाख से अधिक के लेनदेन की मॉनिटरिंग का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बैंकर्स संदिग्ध लेनदेन की सूचना से जिला निर्वाचन कार्यालय को तत्काल अवगत कराएं। उन्होंने चुनाव को शुचितापूर्ण रखने के लिए सभी जरूरी प्रयास करने का निर्देश बैंकर्स को दिया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रकाश आदि मौजूद रहे।