महराजगंज। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बृहस्पतिवार को चटख धूप रही जो शुक्रवार को और तल्ख रहेगा, लेकिन शनिवार व रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बूंदाबांदी के साथ गरज चमक के साथ ओलावृष्टि के संकेत मौसम विभाग की तरफ से दिए गए हैं जिसके कारण तापमान एक दो डिग्री नीचे जा सकता है। किसानों को फसल तेजी से कटाई पूर्ण करने के लिए कृषि विभाग की तरफ से एडवाइजरी जारी की गई है।
बृहस्पतिवार को जनपद का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तो न्यूनतम 24 रिकार्ड किया गया। 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाएं धूल उड़ाकर राहगीरों के लिए दिक्कत पैदा करती रहीं। बंद गाड़ियों में भी सफर करने वालों ने हवा के कारण धूप की तपिश महसूस की। शुक्रवार मौसम साफ होगा और तीखी धूप बेहाल करेगी। अधिकतम के साथ न्यूनतम पारा चढ़ने का अनुमान है।
कृषि विभाग की तरफ से किसानों को फसल की कटाई तेजी से पूर्ण कराने की एडवाइजरी जारी की गई है। शनिवार बादल व हवा की तेजी का अनुमान है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन बाद मौसम में पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर बादल छाने व पुरवाई के प्रकोप से बूंदाबांदी के संकेत हैं। रविवार को ओलावृष्टि के संकेत हैं।