महराजगंज। समूह का कर्ज लेकर महिलाएं फंस गई हैं। कर्ज के जाल में वह उलझते जा रही हैं। कर्ज न चुकाने पर एजेंसी घर पर चढ़कर धमकी दे रहे हैं। एक महिला के घर मार्च में ही शादी थी। वसूली के लिए एजेंट पहुंच गया। रिश्तेदारों के सामने ही खरी-खोटी सुनाने लगा। महिला ने किसी तरह से उधार लेकर समूह का लोन दिया।
मंगलवार को इस समस्या को समझने के लिए परतावल क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित गांव में जाना पड़ा। यहां समूह की लीडर शीला मिलीं। वह वसूली एजेंटों की कारस्तानी बताने लगीं। सबसे पहले उन्होंने अपनी समस्या को सांझा किया। उन्होंने बताया कि बीते सात मार्च को घर में बेटी की शादी थी। वसूली करने वाले एजेंट रोजाना घर पर आते थे। रिश्तेदार भी घर आए थे। उनके सामने ही वसूली करने वाले एजेंट खरीखोटी सुनाते थे।
शादी की तैयारी और एजेंट के दबाव से बहुत तनाव हो गया था। दूसरे से उधार लेकर किसी तरह से किस्त जमा की। किस्त नहीं देने पर घंटों घर के दरवाजे पर खड़े रहते थे। इसके बाद भी अगर किस्त नहीं देती तो कंपनी के उच्च अधिकारियों से संपर्क करते थे। शीला ने बताया कि पति बीते एक वर्ष पूर्व एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनके इलाज में काफी धन खर्च हो गया था। अभी भी वह बेड पर हैं। घर की माली हालत काफी खराब हो गई है। पति के हिस्से में जो जमीन थी वह बिक गई। बड़ी मुश्किल से बिटिया की उन्होंने शादी निपटाई। शादी के कर्ज़ से वह अभी उबर नहीं पाई की फाइनेंस कमी भी घर आकर तंग करते रहते हैं।
धर्मपुर गांव की किरन मिश्रा बताती हैं कि मैंने सिलाई कढ़ाई के लिए माइक्रोफाइनेंस गर्मियों से लगभग 6 लाख रुपये तक कर्ज ली, जब तक केंद्र ठीक से चला रहा तब तक किस्त देने में कोई दिक्कत नहीं हुई लेकिन छोटी बेटी की गंभीर बीमारी के कारण कारण काफी धन खर्च हो गया। सिलाई कढ़ाई केंद्र भी समय से न खुलने के कारण आज बंदी के कगार पर हैं। पति बेरोजगार हैं।
इसी बीच 2 दिसंबर 2025 को मैंने अपनी बिटिया की शादी तय की थी। बड़ी मुश्किल से घर जेवर बेचकर एवं गांव के साहूकारों से कर्ज लेकर शादी की । बिटिया की शादी के कर्ज से अभी मुक्त नहीं हुई हूं की फाइनेंस कमी भी घर पर आकर किस्त के लिए परेशान करते रहते हैं। नहीं देने पर घर का सामान उठा ले जाने की धमकी देते हैं, जेल भेजने की धमकी देते हैं। इसी तरह ज्ञानती, सरोज, नीलम, राजकुमारी ने भी समस्या का हवाला देते हुए वसूली करने वाले एजेंटों के कार्य प्रणाली की निंदा दी।