महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 62 लोगों की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उनके निस्तारण की कार्रवाई कराई।
धनेवा स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में ब्रजेन्द्र नाथ त्रिपाठी, संजय श्रीवास्तव, मनीष शर्मा, नंदकिशोर तिवारी, जीयन प्रसाद खटिक, सतीश चौहान, रेहाना और रीता सहित अन्य फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। केंद्रीय मंत्री ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और स्थानीय स्तर पर हल होने वाले मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।