महराजगंज। जिला उद्योग चौराहा स्थित एक लॉन में रविवार को मेगा वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से 1923 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके लिए प्री-कैंप और मेगा कैंप के माध्यम से कुल 2900 पात्र लोगों को चिह्नित किया गया था।
शिविर का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे प्रभारी जनपद न्यायाधीश संजय मिश्रा ने अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें इसका लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करें।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस, जिला कारागार, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, राजस्व, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, प्रोबेशन, सैनिक कल्याण और खाद्य एवं रसद समेत 25 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
चिह्नित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार नागर ने बताया कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विधिक सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में सहूलियत मिलती है।
शिविर के सफल आयोजन के लिए प्रभारी जनपद न्यायाधीश की ओर से पांच सदस्यीय न्यायिक समिति गठित की गई थी। वहीं, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की ओर से पांच नोडल अधिकारी नामित किए गए थे। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) विनोद कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश यादव, विभा, सोनल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर्स और अधिकार मित्र मौजूद रहे।