महराजगंज। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन की तरफ से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके साथ ही बिना मान्यता वाले स्कूलों और वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है। इस बीच मंगलवार को उप संभागीय परिवहन अधिकारी और बीएसए ने संयुक्त रूप से नगर के तमाम स्कूल वाहनों की जांच की। जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण पत्र न मिलने पर 33 स्कूली वाहनों के स्वामियों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही 10 वाहनों का चालान भी किया गया।
अधिकारियों की इस कार्रवाई स्कूली वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान चालकों से अग्निशमन यंत्र के प्रयोग के बारे में भी पूछा गया। साथ ही चालकों को आग से सुरक्षा के उपाय भी बताए गए।
मंगलवार को फरेंदा रोड पर एआरटीओ एसपी श्रीवास्तव और बीएसए जगदीश शुक्ला ने स्कूली वाहनों की जांच शुरू की। स्कूलों में छुट्टी होने के बाद अचानक हुई जांच से वाहन चालक परेशान हो गए। अधिकारियों के सवालों का जवाब देने में उन्हें परेशानी हुई। स्कूली वाहनों को रोक कर उसके कागज की जांच हुई तो 33 वाहन ऐसे मिले, जिनके फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं थे। वाहन चालकों ने स्कूल में प्रपत्र होने की बात कही। ऐसे में एआरटीओ ने 33 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर फिटनेस न होने के बारे में जवाब मांगा है। नोटिस में जवाब से संतुष्ट न होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।जांच के दौरान यह भी देखा गया कि स्कूल बस के अंदर बच्चे मानक के अनुरूप बैठे हैं अथवा नहीं। दोनों अधिकारियों के करीब एक घंटे तक जांच का सिलसिला जारी रखा। एक वाहन चालक से अग्निशमन यंत्र के प्रयोग के बारे में जानकारी मांगी गई। वह बेहतर ढंग से जवाब नहीं दे पाया तो उसे अधिकारियों से आग से बचाव के तरीके भी बताए। बीएसए जगदीश शुक्ल ने बताया कि नियमों के विपरीत किसी भी स्कूल वाहन का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। एआरटीओ एसपी श्रीवास्तव ने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी है कि वाहनों के कागज दुरुस्त करा लें। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।