नौतनवा। गोरखपुर-नौतनवा रेल खंड पर चलने वाली ट्रेनों का समय से संचालन न होने पर यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। स्टेशन पर इंतजार करने के बाद जब ट्रेन नहीं आती है तो मजबूर होकर यात्री बस या टेंपो से यात्रा करते हैं।
दूरदराज के मरीज नेपाल में आंख का इलाज कराकर ट्रेन से यात्रा करने के लिए नौतनवा रेलवे स्टेशन पर आते हैं, लेकिन ट्रेन न मिलने से लोगों को परेशानी होती है। नकहा जंगल से सुबह 6:45 बजे चलकर 8:55 बजे नौतनवा आने वाली पैसेंजर ट्रेन शनिवार को दूसरे दिन भी नहीं आई। यही ट्रेन 9:40 बजे नौतनवा से गोरखपुर जाती है।
इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को लगभग छह घंटे इंतजार करना पड़ा उसके बाद लोग नौतनवा छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस से लोग गए। छपरा नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस लगभग ढाई घंटे देर से आई। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलती है। सुबह 6:00 बजे छपरा से चलकर 11:25 बजे नौतनवा आती है और 3:00 बजे नौतनवा से छपरा के लिए जाती है। सप्ताह में रविवार को छपरा नौतनवा इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त रहती है।
गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, सिवान, भटनी आदि स्थानों से लोग नेपाल के भैरहवा में आंख का इलाज कराकर नौतनवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। सुबह 9 बजे नौतनवा दुर्ग एक्सप्रेस जाने के बाद यात्रियों को 6 घंटे इंतजार करने के बाद नौतनवा-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस से लोग अपने गंतव्य को गए।