संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के सभी थानों पर शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 44 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना स्तर, आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से मिलने वाली भूमि संबंधी शिकायतों को समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज कर नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी फरेंदा ने थाना बृजमनगंज पर जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भूमि विवाद और पैमाइश से जुड़े मामलों में संयुक्त टीमों को स्थलीय निरीक्षण कर न्यायसंगत कार्रवाई करने को कहा गया।