महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम से संचालित परियोजनाओं की जानकारी ली।
अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि फेज-द्वितीय में जेएमसी की कुल 341 परियोजनाएं हैं, जिनके तहत 446 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं। इसी प्रकार फेज-तृतीय में रिथविक कोया की 205 परियोजनाएं हैं, जिनसे 345 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं, जबकि रिथविक-कोया की 174 परियोजनाएं हैं और उनसे 302 ग्राम पंचायतें आच्छादित हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने तीनों कार्यदायी संस्थाओं से ट्यूबवेल, ओएचटी, पंप हाउस निर्माण सहित अन्य बिंदुओं पर हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जो परियोजनाएं 80 से 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी हैं, उनको शत-प्रतिशत पूर्ण कराएं। उन्होंने जेएमसी को पाइप लाइन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा तीनों कार्यदायी संस्थाएं अपनी सभी परियोजनाओं को जल्द पूर्ण करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अगली बैठक में तीनों संस्थाएं परियोजनावार प्रगति के विवरण के साथ उपस्थित रहें। बैठक में एक्सईएन जल निगम आतिफ हुसैन, सहायक अभियंता जल निगम महेश चंद्र आजाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद