महराजगंज/सोनौली। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने रविवार को भारत-नेपाल सीमा सोनौली और आईसीपी सोनौली का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारत नेपाल सीमा पर चेकपोस्ट, नो मेंस लैंड को देखा।
उन्होंने एसएसबी के अधिकारियों से सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और विदेशी नागरिकों के नियमानुसार आवाजाही को लेकर बैठक की। जिलाधिकारी ने बाहरी लोगों के आगमन से संबंधित रिकॉर्ड को बेहतर व व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसबी और इमीग्रेशन कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय के लिए भी कहा, ताकि बाहरी लोगों के आवाजाही को पारदर्शी और नियमानुसार सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि विदेशी नागरिकों का आवागमन एक संवेदनशील विषय है। इसलिए इस विषय पर दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। एसएसबी की ओर से नो मेंस लैंड में कई लोगों ने नालियों की निकासी का मुद्दा उठाया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नौतनवा को उक्त समस्या के निदान के लिए संबंधित विभागों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीमा पर सतर्कता और पेट्रोलिंग को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने आईसीपी सोनौली का निरीक्षण किया। एलपीएआई के अधिकारियों के साथ वार्ता में जिलाधिकारी ने आईसीपी के निर्माण में अपेक्षित प्रगति न होने पर असंतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन कुमार, एसएसबी के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।