नौतनवा। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा मंगलवार को थाने का वार्षिक निरीक्षण करने के लिए नौतनवा पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने थाने में थानाध्यक्ष कक्ष, थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीवी कक्ष, भोजनालय, बैरक आदि का निरीक्षण करते हुए त्योहार, अपराध रजिस्टर समेत विभिन्न फाइलों एवं अभिलेखों का बारीकी से मुआयना किया।
पुलिस अधीक्षक ने प्रविष्टियों को हमेशा अपडेट रखने व सीसीटीवी कंट्रोल रूम को कार्यालय में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। वहीं कारतूस एवं शस्त्रों का मिलान कर साफ-सफाई की स्थिति देखी और हमेशा अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया। एसपी ने कहा कि थाने का वार्षिक रूटीन निरीक्षण कर यथास्थिति परखी गई। मातहतों को आमजन के साथ सामंजस्य बेहतर रखने, मामलों को समय सीमा के अंदर निपटाने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभारी रूप से अंकुश बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सीओ अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव, एसएसआई संजय कुमार, चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता, मनीष तिवारी, छोटेलाल, दीवान बिरजू कन्नौजिया, शेर बहादुर यादव मौजूद रहे।