महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सोमवार को विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में की गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं में प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से लेते हुए निर्देशित किया कि जिन निर्माण परियोजनाओं में प्राप्त धनराशि का 75 प्रतिशत उपभोग किया जा चुका है, उनमें शासन को यूसी प्रेषित करें।
सभी कार्यदायी संस्थाएं अनारंभ परियोजनाओं को तत्काल आरंभ करें। जिला क्रीड़ा स्टेडियम महराजगंज में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य तेज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जो परियोजनाएं 85 प्रतिशत तक पूर्ण हो गई हैं, उनको एक माह के भीतर पूर्ण करें। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से स्वास्थ्य विभाग के चार पूर्ण स्वास्थ्य उपकेंद्रों के हैंडओवर की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही एक्सईएन आरईडी को मरम्मत के लिए सौंपे गए 70 आंगनबाड़ी केंद्रों का आगणन एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पर्यटन योजनाओं की समीक्षा के दौरान सोहगीबरवा इको टूरिज्म परियोजना का थर्ड पार्टी ऑडिट करवाते हुए पर्यटन विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने और यूपी सीएलडीएफ की परियोजनाओं के विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एमडी यूपी सीएलडीएफ को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।