परसामलिक। नौतनवा ब्लॉक के रतनपुर सभागार कक्ष में शनिवार की शाम करीब 5 बजे पहुचे जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कोटेदारों की कम उपस्थिति और धीमी गति से हो रहे कार्य पर वह नाराज दिखे। इस दौरान जिलाधिकारी ने पीएम किसान के सभी अपात्र को हटाने का निर्देश दिया।
100 से अधिक कोटेदारों में मात्र 32 की उपस्थिति देख जिलाधिकारी बिफर पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि पाने वाले सभी लोगों का फार्मर रजिस्ट्री होनी है। इसके साथ ही सभी अपात्रों को छांटना भी है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में उचित विक्रेता कोटेदार, पंचायत सहायक से काम आसान होगा, इसके साथ ही पीएम सूर्य घर योजना और फैमिली आईडी पूरा करने का सख्त निर्देश दिया, यह भी कहा कि फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही करने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम नवीन प्रसाद, बीडीओ अमित कुमार मिश्र, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद, आई एसबी बिसमिल्लाह खान, कोआपरेटिव धर्मेंद्र निषाद, एजी मुनीर आलम मौजूद रहे।