फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: महाशिवरात्रि आज, शिवालय में श्रद्धालु करेंगे जलाभिषेक

विज्ञापन
महाशिवरात्री पर फूलों से सजा पंचमुखी शिवमन्दिर ईटहिया।
विज्ञापन
शहर से लेकर ग्रामीणों इलाकों के शिव मंदिरों पर जलाभिषेक के लिए पुख्ता इंतजाम
विज्ञापन

मंदिर की साज सज्जा, बैरिकेडिंग सहित अन्य तैयारियों को भी दिया गया अंतिम रूप
जलाभिषेक के स्थान पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए
महराजगंज/निचलौल। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में स्थित शिवालयों को फूलों और आकर्षक झालरों से सजा दिया गया है। इतना ही नहीं पुलिस प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शिव मंदिरों में विशेष व्यवस्था पूरी कर ली गई है। साथ ही मेले और पूजन के लिए मंदिर की साज सज्जा, बैरिकेडिंग सहित अन्य कार्यों को भी पूरा कर लिया गया है। प्राचीन शिव मंदिरों पर तो मेले और जलाभिषेक के स्थान पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए गए हैं।
महाशिवरात्रि पर जिले के सीमावर्ती इलाकों में स्थित पंचमुखी शिवमन्दिर ईटहिया के साथ ही महराजगंज शहर स्थित सिंचाई कालोनी, कटहरा, हरपुर पकड़ी, सेखुई, हरखोड़ा, कोहडवल, हेवती, नरायनापुर, करमही, रामपुर, रतनपुर, गेरमा, दुर्गवलिया, सात पांच नहर पुल सहित अन्य जगहों पर स्थित शिवालयों की तैयारी पूरी कर ली गई है। निचलौल एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को महाशिवरात्रि पर्व पर भारत नेपाल बार्डर के करीब स्थित सुप्रसिद्ध शिव मंदिर ईटहिया में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का संगम उमड़ने की उम्मीद है। ऐसे में शिवालय को फूलों से सजाने के साथ ही सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली गई है।
विज्ञापन

मंदिर परिसर में श्रदालुओं की भीड़ को देखते हुए कुल 12 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जा चुके है। साथ ही मेला क्षेत्र में भीड़ पर नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इन्होंने आगे कहा कि मध्य रात्रि के बाद शिवालय में जलाभिषेक की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। यहां पर नेपाल राष्ट्र, बिहार एवं कई अन्य जिलों से भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते है।
वहीं पंचमुखी शिवधाम ईटहिया मंदिर के पुजारी ध्यानगिरी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालु उपवास रखने के साथ ही शिव महिमा का गुणगान करेंगे। साथ ही श्रद्धालु बेल पत्र, गंगाजल, पंचामृत और कुशा के जल से शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक करेंगें। यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन और दर्शन करेंगे। महाशिवरात्रि पर्व पर व्रत और जलाभिषेक से पुण्य की प्राप्ति होती है। विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना करें। सुख-समृद्धि, पितरों की शांति, धन वृद्धि, संतान सुख और विवाह संयोग की मनोकामना पूर्ण होती है।
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

निचलौल क्षेत्राधिकारी बसन्त सिंह ने बताया कि ईटहिया शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि मेले के लिए कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। मेले में पांच थाना प्रभारी, पांच निरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक, पांच एलआईयू उपनिरीक्षक, 70 हेड कांस्टेबल, 25 महिला कांस्टेबल, एक प्लाटून पीएसी, 5 ट्रैफिक पुलिस, डेढ़ सेक्शन पीएसी के अलावा फायर ब्रिगेड टीम की ड्यूटी लगाई गई है। इन्होंने आगे कहा कि ईटहिया शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखते हुए प्रशासन की ओर से मंदिर से करीब तीन किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर बड़े वाहनों को प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
विज्ञापन

महाशिवरात्रि पर पूजा करने की विधि

पंडित पंकज दत्त पांडेय ने बताया कि महाशिवरात्रि के दौरान शिवभक्त उपवास रखकर भगवान शंकर की आराधना करते हैं। इस दिन शिव मंदिरों में जल, दूध, बेलपत्र, धतूरे के पुष्प, चावल आदि शिवलिंग पर चढ़ाया जाता है। इन्होंने आगे कहा कि ऐसी मान्यता है कि जो भक्त शिवरात्रि के दिन निराहार और निश्चल भाव से शिवजी की पूजा करता है, वह एक वर्ष का संपूर्ण फल मात्र शिवरात्रि पर पूजन कर प्राप्त कर लेता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें