प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जो 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा
महराजगंज। कलक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण में समस्त ग्रामीण एवं नगर चार्ज अधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण में पहले दिन जिलाधिकारी ने जनगणना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रमुख जनगणना अधिकारी जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें और जनगणना की महत्ता और गोपनीयता बनाए रखें। जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जनगणना को दो चरणों में कराया जाना है। प्रथम चरण में ''''मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना'''' का कार्य जो 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाना है। प्रथम चरण से पूर्व सात मई से 21 मई 2026 तक सामान्य पब्लिक के स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वतः भर सकेंगे। दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक रहेगा। जनपद के लिए नामित जनगणना कार्य निदेशालय के मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पांडेय एवं जिला प्रभारी जनगणना अंबिका मौर्या ने विस्तारपूर्वक जनगणना के सत्रों पर चर्चा की। इस अवसर पर समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ, डीईएसटीओ मौजूद रहे।