किसान दिवस पर गोष्ठी का हुआ आयोजन
कृषि यंत्रों के टोकन के लिए ई-लॉटरी 20 अगस्त को
महराजगंज। विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने खाद, गोवंश, कृषि यंत्रों सहित अन्य समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिला उद्यान अधिकारी ने उद्यान विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने बागवानी और सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं और किसानों के लिए लाभकारी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।
ग्राम दुबौली के किसान विभूति पटेल ने यूरिया, डीएपी और एमओपी उर्वरकों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने किसानों की भूमि के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराने से संबंधित समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। इस पर संबंधित अधिकारियों को समस्या का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में ग्राम गौनरिया राजा के किसान ओमप्रकाश पाण्डेय ने राजकीय गौशालाओं में संरक्षित निराश्रित गोवंश को पशुपालकों को दिए जाने से संबंधित योजना की जानकारी मांगी। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने योजना और उसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई।
बैठक में किसानों को बताया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में कृषि यंत्रों के टोकन के लिए ई-लॉटरी 20 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। इस दौरान उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता, भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, इफको व नाबार्ड के जिला प्रबंधक, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मौजूद रहे।