महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने महाव नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत बरगदवा, खैरहवा दूबे और हरपुर के बीच तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण किया। देवघट्टी में कटान स्थल पर किए गए अनुरक्षण कार्यों को देखा और तटबंध की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए।
एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर पूरे तटबंध का स्थलीय निरीक्षण करवा लें, अगर कहीं भी तटबंध में समस्या दिखती है तो तत्काल अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने संवेदनशील बिंदुओं पर बांस के पौधों की पाइलिंग व ब्रेसिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही समस्त तटबंध पर विटिवर ग्रास का रोपण करने का निर्देश दिया। ताकि तटबंधों को मजबूत किया जा सके और कटान को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने अतिरिक्त सिल्ट को सैंड बैग के रूप में संवेदनशील बिंदुओं पर भंडारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने रैनकट सहित संवेदनशील बिंदुओं पर रिसाव रोकने के लिए पॉलीथिन शीट लगवाने का निर्देश दिया।