गन्ना कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम अमरनाथ उपाध्याय।
- फोटो : MAHARAJGANJ
जिला गन्ना अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब, लिपिक को चेतावनी
कार्यालय में गंदगी मिलने पर डीएम ने जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने बुधवार को जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षक किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में गंदगी तथा पत्रावलियों के रखरखाव में अनियमितता मिलने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों नाराजगी जताई। लापरवाही पर उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी जगदीश प्रसाद यादव से स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही वरिष्ठ लिपिक विजय कुमार पांडेय को नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने पहले अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। पता चला कि स्थापना लिपिक सुभाष चंद सिंह बीमारी की वजह से तीन माह से गैरहाजिर चल रहे हैं, जबकि उमेश प्रसाद सीएल पर हैं। इनका अवकाश स्वीकृत है तथा पंजिका पर अंकन भी किया गया था । कार्यालय में आगंतुकों के लिए पानी पीने की कोई व्यवस्था नहीं दिखी। कार्यालय परिसर में जो हैंडपंप लगा है उसका पानी पीने योग्य नहीं मिला। नगर पालिका परिषद की तरफ से नल में टोटी लगाए गए हैं, मगर उसका चबूतरा नहीं बना है। परिसर में घास फूस उग आए थे। कूड़े का ढेर लगा दिखा। जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में भ्रमण के साथ ही अवकाश, जीपीएफ, पासबुक, आईजीआरएस के संपूर्ण संदर्भ, पत्रावलियों के रखरखाव, शासन द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली। गन्ना विभाग में आईजीआरएस का एक मामला लंबित पाया गया। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।