महराजगंज। धान खरीद में लापरवाही व किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में कमी पर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने शुक्रवार को आनंदनगर मंडी में संचालित आठ क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। मंडी परिसर की जर्जर सड़कों और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने मंडी सचिव को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि मंडी में आठ क्रय केंद्र संचालित हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के चार, नेफेड के तीन और मंडी समिति का एक केंद्र शामिल है। डीएम ने केंद्रों पर पहुंचकर खरीद की स्थिति देखी। खाद्य विभाग के आनंदनगर मंडी द्वितीय केंद्र पर बाजारडीह निवासी सतेन्द्र सिंह का 43.20 क्विंटल और तृतीय केंद्र पर इसी गांव के अजय प्रताप सिंह का 43.20 क्विंटल धान तौला जा रहा था।
डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों के साथ विनम्र व्यवहार करें। केंद्रों पर निर्धारित समय से उपस्थित रहकर अधिक से अधिक किसानों से धान खरीद सुनिश्चित करें। खरीदे गए धान का समय से मिलों तक प्रेषण कराया जाए। किसी भी दशा में केंद्रों पर धान लंबित नहीं रहना चाहिए।
मंडी परिसर की खराब सड़कों के संबंध में मंडी सचिव ने बताया कि निर्माण के लिए मई में ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। इस पर डीएम ने पूछा कि अब तक काम क्यों शुरू नहीं हुआ। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर उपनिदेशक मंडी (निर्माण) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही मंडी में किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि आनंदनगर मंडी में खाद्य विभाग, नेफेड और मंडी समिति के कुल आठ केंद्रों के माध्यम से धान खरीद की जा रही है। केंद्रों पर खरीद की स्थिति की नियमित निगरानी की जा रही है।
पंजीकरण के लिए किसान मित्र एप का करें इस्तेमाल
डीएम ने किसानों से अपील की कि धान बेचने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल अथवा यूपी किसान मित्र एप के माध्यम से पंजीकरण कराएं। समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे बैंक खाते में पाने के लिए खाते को आधार से लिंक कराने के साथ एनपीसीआई से मैपिंग भी जरूर कराएं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार वशिष्ठ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।