भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र के घुघली कस्बे में बुधवार की रात 18 माह के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्चे को किसी सांप ने काट लिया। हालांकि अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, घुघली टाउन एरिया वासी संदीप शर्मा का 18 माह का पुत्र कान्हा रात लगभग 8:00 बजे अपने घर के ड्राइंग रूम में खेल रहा था। उस समय बच्चे की मां और दादी भी वहीं मौजूद थीं। अचानक बच्चा जोर-जोर से रोने लगा। परिजनों ने देखा तो उसके पैर से खून निकल रहा था। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी किसी जहरीले जीव का पता नहीं चल सका।
परिजनों के मुताबिक कुछ ही समय में बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। बच्चे के मुंह से झाग निकलने लगा, जिससे परिवार के लोग घबरा गए। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे की जांच करके मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। फिलहाल बच्चे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। बृहस्पतिवार को सुबह बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया।