महराजगंज। नगर पालिका परिषद के सभागार में बुधवार को जनगणना 2027 को लेकर सुपरवाइजरों की तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है। प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विभागों से जुड़े सुपरवाइजरों को जनगणना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश और तकनीकी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर नीतियों का निर्माण और संसाधनों का वितरण किया जाता है। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों से अपील की कि वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण के तरीके, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और गोपनीयता बनाए रखने पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रशांत कुमार ने नगर पालिका परिषद कार्यालय का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।